फकलोह में टेंट हाउस में भड़की आग से उठता गुबार। -स्रोत : जागरूक पाठक
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। उपमंडल के फकलोह क्षेत्र में शनिवार देर रात एक टेंट हाउस में लगी भीषण आग लग गई। इससे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। यह टेंट हाउस ज्वालामुखी वार्ड-1 निवासी समिता चौधरी का था। उन्होंने दावा किया कि अग्निकांड से उन्हें करीब 80 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। साथ ही शरारती तत्वों द्वारा आग लगाने की आशंका जाहिर की है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब पांच बजे समिता चौधरी को किसी अनजान व्यक्ति ने फोन कर आग लगने की सूचना मिली। जब तक वह मौके पर पहुंचीं, तब तक दुकान में रखा सारा सामान राख हो चुका है। सामान में टेंट, कुर्सियां, टेबल, काउंटर, मैट, बर्तन और क्रोकरी सहित लगभग 200 बिस्तर थे।
आग की सूचना मिलते ही ज्वालामुखी से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। मगर पानी के कम प्रेशर के कारण आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। बाद में देहरा से बुलाई गई फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक संजय रत्न भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। विधायक ने प्रशासन को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत और हर संभव सहायता प्रदान की जाए।
पति की मौत के बाद खुद टेंट हाउस चला रहीं थी समिता
समिता चौधरी ने शंका जताई है कि यह किसी शरारती तत्व का काम हो सकता है। उन्होंने बताया कि कोरोना काल से पहले जब उनका टेंट हाउस दरंग में था, तब भी किसी ने आग लगाने की कोशिश की थी, लेकिन समय रहते आग बुझा ली गई थी। पति के निधन के बाद पिछले पांच वर्षों से समिता चौधरी खुद ही इस टेंट हाउस का संचालन कर अपने 13 वर्षीय बेटे गीतांश और 10 वर्षीय बेटी रूहानी का पालन-पोषण कर रही थीं। अचानक हुए इस भीषण नुकसान से पूरा परिवार गहरे सदमे में है, और बच्चों का अपनी मां का दुख देखकर रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
फकलोह में टेंट हाउस में भड़की आग से उठता गुबार। -स्रोत : जागरूक पाठक