फोरलेन मजदूरों के अस्थायी क्वार्टर में भड़की आग।
कोटला (कांगड़ा)। पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत कोटला में फोरलेन कंपनी के कामगारों के ठहरने के लिए बनाए गए क्वार्टर में शुक्रवार देर रात्रि अचानक आग भड़क गई। इससे एक युवक की झुलसने से मौत हो गई। आग लगने के दौरान पांच कामगारों ने भागकर अपनी जान बचाई। मृतक की पहचान रोहित बरला (19) पुत्र अनिल बरला निवासी बुड़नी रांची झारखंड के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पठानकोट-मंडी फोरलेन निर्माण कंपनी ने कैहरना में कामगारों के ठहरने के लिए क्वार्टर बना रखे हैं। शुक्रवार देर रात्रि को एक क्वार्टर में अचानक आग लग गई, जिस कारण एक युवक की अंदर झुलसने से मौत हो गई। मौत का ग्रास बने युवक ने भी भागने की कोशिश की थी, लेकिन बाहर गैलरी में ही उसकी मौत हो गई। मौत का काल बने युवक को उसका पिता एक माह पहले ही काम के लिए यहां लाया था। इसकी सूचना अग्निशमन विभाग में दी गई और आग पर काबू पाने के एक वाहन जवाली और एक शाहपुर से घटनास्थल पर पहुंचा। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया गया। उधर, एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि कोटला के कैहरना में फोरलेन कंपनी के क्वार्टर में आग लगने से 19 वर्षीय रोहित बारला निवासी रांची की मौत हुई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।