बढूं में आग लगने से जला डीप-फ्रीजर। -स्रोत : जागरूक पाठक
परागपुर (कांगड़ा)। ग्राम पंचायत बढूं में नैहरनपुखर-देहरा सड़क पर स्थित किराना और आटा चक्की की दुकान में डीप-फ्रीजर में आग लग गई। हालांकि दुकानदारों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे जब दुकान मालिक रणबीर सिंह भोजन करने घर गए थे। इसी बीच बंद दुकान के शटर से अचानक धुआं उठने लगा। धुआं देखते ही आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए दुकान के पिछली तरफ लगे लकड़ी के दरवाजे को तोड़ा और अंदर जाकर देखा तो डीप-फ्रीजर धू-धू कर जल रहा था।
इसी दौरान दुकान मालिक रणबीर सिंह भी पहुंच गए। स्थानीय दुकानदारों ने बिजली का मुख्य कनेक्शन काटकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग केवल डीप-फ्रीजर तक ही सीमित रही और किराना व आटा चक्की के अन्य ज्वलनशील सामान तक नहीं पहुंची। बताया जा रहा है कि शार्ट सर्किट के दौरान इसमें आग लगी थी।