धर्मशाला। कंक्रीट पंप किराये पर लेकर दो महीने का किराया नहीं देने और मशीन वापस न करने की शिकायत पर पुलिस थाना धर्मशाला में हमीरपुर के एक ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। धर्मशाला के सरकारी ठेकेदार की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
शिकायत के अनुसार हमीरपुर के ठेकेदार ने धर्मशाला की एक फर्म से साइट पर काम के लिए कंक्रीट पंप 1.45 लाख रुपये मासिक किराये पर लिया था। आरोप है कि दो महीने से किराया नहीं दिया गया। पंप लेते समय आरोपी ने खुद को एक कंपनी का मालिक बताया था और अपना कार्यालय नादौन में बताया था।
शिकायत के अनुसार 19 अगस्त को फर्म के अधिकृत प्रतिनिधि बकाया किराया लेने और कंक्रीट पंप वापस लेने के लिए नादौन स्थित कंपनी की साइट पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपी ने मशीन वापस करने से इन्कार कर दिया। साथ ही साइट के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर रास्ता रोकने और कर्मचारियों को मशीन वापस लेने से रोकने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि फोन पर कई बार संपर्क करने के बावजूद आरोपी ने बकाया राशि देने से इन्कार किया और जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत में मशीन को अपने कब्जे में रोककर रखने का आरोप लगाया गया है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।