संवाद न्यूज एजेंसी
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां और अफवाहें फैलाने के आरोप में आठ लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस थाना ज्वालामुखी में दर्ज करवाई है।
मुकेश कुमार निवासी गुम्मर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विधायक की छवि को धूमिल किया जा रहा है।
रोजाना मनगढ़ंत वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर जनता में बेवजह आक्रोश पैदा किया जा रहा है जिससे क्षेत्र में अप्रिय घटना के साथ-साथ लड़ाई और दंगे होने का अंदेशा है। थाना प्रभारी ज्वालामुखी संदीप पटियाल ने बताया कि 8 लोगों ने एक शिकायतपत्र पुलिस को सौंपा है। कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि गुम्मर निवासी मुकेश पर 7 मामले थाने में दर्ज हैं। इनमें 4 कोर्ट में विचाराधीन हैं। 2 मामलों में मुकेश के 2 फोन थाना में जमा भी किए जा चुके हैं। एक ज्वालामुखी व दूसरा देहरा थाना में रखा गया है।
एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी ज्वालामुखी पुलिस ने फोन वापस नहीं दिया है। फिरौती मामले में जब्त दूसरा फोन लगभग 3 वर्ष से अधिक समय से देहरा थाना में जब्त है।