जवाली (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश बेरोजगार लाइब्रेरियन संघ की बैठक जवाली में प्रदेशाध्यक्ष किशोरी लाल की अध्यक्षता में हुई। इसमें प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष जताया गया। किशोरी लाल ने कहा कि प्रदेश में 25 हजार प्रशिक्षित लाइब्रेरियन हैं परंतु भर्ती मात्र 100 पदों पर ही की गई। इसमें आरएंडपी नियमों की अनदेखी की गई।
उन्होंने कहा कि 15 पद पूर्व सैनिक कोटे और 8 पद विकलांग कोटे से बैचवाइज भरे गए। 77 पदों पर कमीशन लिया गया। आरएंडपी नियमों के तहत 50 प्रतिशत पद कमीशन और 50 प्रतिशत बैचवाइज भरा जाना था लेकिन ऐसा नहीं किया गया। वर्ष 2002 के बाद बैचवाइज भर्ती नहीं की गई। वहीं, 80 फीसदी प्रशिक्षित लाइब्रेरियन आयु सीमा पार कर चुके हैं और कुछ आयु सीमा पार करने की कगार पर हैं।
संघ मांगों को लेकर कई बार मुख्यमंत्री से मिल चुका है लेकिन आश्वासनों के सिवाय कुछ भी हासिल नहीं हो पाया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि 400 पदों पर बैचवाइज भर्ती की जाए जिससे आयु सीमा पार करने वाले प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिल सके। इस मौके पर महेंद्र मन्हास, रमेश चंद, संजय धीमान, केशव, ममता, सुरेखा, तारा चंद इत्यादि मौजूद रहे।