सहौड़ा गांव में हुई चोरी के मामले की जानकारी हासिल करती पुलिस टीम। -स्रोत : जागरुक पाठक
धर्मशाला। कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के सहौड़ा गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरत की बात यह है कि घटना के वक्त परिवार के सदस्य घर में ही सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार विद्या धीमान के घर में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला। विद्या धीमान ने बताया कि चोरी का पता उन्हें सुबह उठने पर चला। जब उन्होंने कमरे में सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि घर के कुछ बक्से बाहर खुले पड़े थे और उनमें रखे लाखों रुपये के गहने व अन्य कीमती सामान गायब था।
चोर इतने शातिर थे कि उन्होंने घर में दाखिल होने के लिए उस रास्ते का इस्तेमाल किया जो पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की जद से बाहर था। इस वजह से कैमरों में उनकी कोई फुटेज कैद नहीं हो सकी है। गगल थाना क्षेत्र के तहत लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस गश्त के बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने याद दिलाया कि 27 अप्रैल को मकरोटी में ग्रामीणों ने खुद एक चोर को पकड़कर पुलिस को सौंपा था। इसके अलावा राजोल में एक दुकान के ताले टूटने, वैदी में लाखों की चोरी और 21 मई को गगल से स्कूटी चोरी होने की घटनाओं का भी पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।