अधे दी हट्टी के महादंगल में पहुंचे सांसद, सांसद निधि से शव वाहन देने की घोषणा
अमर उजाला ब्यूरो
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। इन्हें सहेजकर भावी पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। वह ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के अधे दी हट्टी में आयोजित महादंगल में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मेले बुजुर्गों से मिली सौगात हैं। इनके माध्यम से संस्कृति, सभ्यता और आपसी भाईचारे को मजबूती मिलती है। मेलों में लोग खरीदारी करने के साथ एक-दूसरे के साथ खुशियां भी बांटते हैं। इससे सामाजिक सद्भाव और परस्पर सम्मान बढ़ता है। उन्होंने आयोजन समिति का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अगले वर्ष मेले को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाना चाहिए। इसके लिए वह दंगल कमेटी के साथ हैं।
इस दौरान सांसद ने क्षेत्रवासियों की मांग पर सांसद निधि से शव वाहन देने की घोषणा की। स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि श्मशानघाट दूर होने के कारण शव ले जाने में परेशानी होती है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि, रमेश धवाला, जिला भाजपा अध्यक्ष अजय खट्टा, सरोज कुमारी, रामस्वरूप शास्त्री, अभिषेक उपाध्याय और मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष संजल शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस मौके पर कई विभूतियों को सम्मानित भी किया गया।