धर्मशाला। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) धर्मशाला की ओर से रविवार को आयोजित विशेष ‘मातृ-पितृ सेवा ओपीडी’ में इस्कॉन संस्था के सहयोग से 20 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज में समय पर जांच, तनाव मुक्ति, आध्यात्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
शिविर में मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और नशामुक्ति के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान आईएमए अध्यक्ष एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अतुल गुप्ता, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सीएस राठौर, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सुभाष ठाकुर और सर्जन डॉ. अंकित शुक्ला ने बच्चों, वयस्कों और बुजुर्गों की स्वास्थ्य समस्याओं का परीक्षण कर परामर्श दिया।
डॉ. अतुल गुप्ता ने कहा कि समय पर पहचान और उचित उपचार से गंभीर बीमारियों के खतरों को टाला जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे हर रविवार को आईएमए भवन में आयोजित होने वाली इस निशुल्क ओपीडी का लाभ अवश्य उठाएं। ब्यूरो