धर्मशाला। मैक्लोडगंज निहारने और धर्मगुरु दलाईलामा से पहुंचने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों का स्वागत इन दिनों जानलेवा गड्ढे और हिचकोले कर रहे हैं। धर्मशाला-मैक्लोडगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करना वाहन चालकों के लिए लगातार जोखिम भरा होता जा रहा है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और कई स्थानों पर खाई की तरफ धंसी सड़क इसकी बदहाली बता रही है।
19 सितंबर को राधाष्टमी के पावन अवसर पर नड्डी की डल झील में पारंपरिक पवित्र न्हौण (शाही स्नान) होगा। ऐसे में सड़क की खस्ताहालत श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लगा रही है।
रविवार को जब संवाददाता ने धर्मशाला से डल झील और मैक्लोडगंज तक के मार्ग का मुआयना किया तो कालापुल से मैक्लोडगंज तक सड़क की हालत दयनीय पाई गई। कई संवेदनशील मोड़ों पर सड़क किनारे का हिस्सा धंसा हुआ है जिससे दो बड़े वाहनों के आने पर जाम और हादसे की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने प्रशासन से पैचवर्क और सुरक्षा कार्य की मांग की है।
-
खड़ा डंडा मार्ग की हालत भी खस्ता
मैक्लोडगंज से धर्मशाला को जोड़ने वाले वैकल्पिक खड़ा डंडा मार्ग की स्थिति भी बदतर है। इस संकरे संपर्क मार्ग पर भी सफर खतरे से खाली नहीं है। जोगीवाड़ा के समीप दो स्थानों पर सड़क धंसी हुई है। यहां सुरक्षा दीवारें न होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बीते वर्ष बरसात और भूस्खलन के कारण इस मार्ग को भारी नुकसान पहुंचा था। पहाड़ी दरकने और डंगे ढहने के बाद उम्मीद थी कि स्थिति सामान्य होते ही सड़क को दुरुस्त कर दिया जाएगा। -सुरिंद्र कुमार, वाहन चालक
संबंधित विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू तो किए थे मगर अब तक अधूरे हैं। इससे हमारे पर्यटन और टैक्सी कारोबार पर सीधा प्रतिकूल असर पड़ रहा है। विभाग जल्द कदम उठाए। -प्रवीन कुमार, वाहन चालक
बरसात थमते ही बगली से मैक्लोडगंज मार्ग के सभी गड्ढों को भरने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया जाएगा। इसके उपरांत सड़क पर नई टारिंग करवाकर पूरे हिस्से को दुरुस्त किया जाएगा। -अंकित गिल, साइट इंजीनियर, एनएचएआई
धर्मशाला से मैक्लोगड़ज के मुख्य मार्ग पर सड़क के खस्ताहाल। अमर उजाला
धर्मशाला से मैक्लोगड़ज के मुख्य मार्ग पर सड़क के खस्ताहाल। अमर उजाला
धर्मशाला से मैक्लोगड़ज के मुख्य मार्ग पर सड़क के खस्ताहाल। अमर उजाला
धर्मशाला से मैक्लोगड़ज के मुख्य मार्ग पर सड़क के खस्ताहाल। अमर उजाला