नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर विकास खंड के तहत पड़ती ग्राम पंचायत कोपड़ा के निवर्तमान प्रधान के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। चुनावी माहौल के दृष्टिगत निवर्तमान प्रधान की गुमशुदगी की सूचना मिलते ही पुलिस भी हरकत में आ गई और उसकी तलाश में एक टीम को जम्मू रवाना कर दिया।
मंगलवार दोपहर बाद अचानक लापता हुए प्रधान कुशल सिंह उर्फ रिम्पा की पत्नी बीडीसी का चुनाव लड़ रही हैं। ऐसे में निवर्तमान पंचायत प्रधान के गायब होने की खबर फैलने से पूरी पंचायत में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कोपड़ा पंचायत का निवर्तमान प्रधान कुशल सिंह मंगलवार सुबह कोपड़ा से जसूर के लिए घर से निकला था। जब देर शाम तक घर नहीं लौटा तो उसके परिजनों और पंचायतवासियों ने उसकी तलाश शुरू कर दी लेकिन कुशल सिंह का मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा था। मंगलवार देर रात उसकी तलाश करने के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो प्रधान के पिता जरनैल सिंह ने नूरपुर पुलिस थाने में बेटे की गुमशुदगी की रपट दर्ज करवाई।
डीएसपी महिंद्र सिंह मन्हास ने बताया कि पुलिस ने प्रधान के पिता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पूछताछ शुरू कर दी। अब तक कि प्रारंभिक पुलिस छानबीन में यह सामने आया है कि पंचायत प्रधान कोपड़ा से उसी गांव के एक टैक्सी चालक के साथ जसूर तक आया था। जसूर आने से पहले उसने रास्ते में किसी से करीब 1 लाख 22 हजार की उगाही की थी। इसके बाद प्रधान ने टैक्सी चालक को वापस जाने को कहकर जसूर के एक ढाबे में चला गया। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से गहन छानबीन के बाद जसूर चौक की सीसीटीवी फुटेज से पता लगा कि ढाबे से निकलने के बाद दोपहर को प्रधान एक जसूर के टैक्सी चालक के साथ बैठ कर पठानकोट की तरफ चला गया। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से उक्त टैक्सी चालक का पता लगाया, जिसने बताया कि उसने प्रधान को पठानकोट के चक्की रेलवे स्टेशन के पास छोड़ा था और उसने (प्रधान) चालक से जम्मू जाने की बात कही थी। बहरहाल पुलिस ने टैक्सी चालक के बयान के आधार पर लापता प्रधान के फोन कॉल खंगाले हैं, जिससे यह पता लगा है कि आखिरी बार उसका फोन पंजाब में ही बंद हुआ है। जिसके चलते पुलिस ने प्रधान की तलाश में जम्मू के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी है।