धर्मशाला। धर्मशाला के डिग्री कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीबीए और बीसीए पाठ्यक्रमों में प्रवेश को लेकर 11 जून को प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। दोनों पाठ्यक्रमों की कुल 120 सीटों के लिए करीब 670 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार बीबीए के लिए 235 और बीसीए के लिए 435 के करीब आवेदन पहुंचे हैं। दोनों पाठ्यक्रमों में 60-60 सीटें उपलब्ध हैं जिनमें 40-40 सीटें सब्सिडाइज्ड और 20-20 सीटें नॉन-सब्सिडाइज्ड श्रेणी की हैं।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के तहत 9 जून तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे। अब 11 जून को दो सत्रों में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। बीबीए की प्रवेश परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक जबकि बीसीए की प्रवेश परीक्षा दोपहर 2 बजे से 3:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्राचार्य ने अभ्यर्थियों से परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।