अंद्रेटा कला आयोजन में भाग लेते हुए छात्रस्त्रोत आयोजक
युवा कलाकारों को सोभा सिंह की कला से लेनी चाहिए प्रेरणा : बुटेल
संवाद न्यूज एजेंसी
पालमपुर (कांगड़ा)। कला नगरी अंद्रेटा स्थित सोभा सिंह कला दीर्घा में दो दिवसीय कला आयोजन सृजन की अभिव्यक्ति सिंफनी ऑफ एक्सप्रेशंस की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ सोभा सिंह स्मारक कला सोसायटी के अध्यक्ष केजी बुटेल ने कैनवास पर ब्रश स्ट्रोक लगाकर किया। उन्होंने वाईएस कॉलेज बरनाला के युवा कलाकारों की सराहना की, जो महान चित्रकार स्व. सोभा सिंह की 124वीं जयंती मनाने और प्रेरणा लेने के लिए कला ग्राम अंद्रेटा पहुंचे हैं।
केजी बुटेल ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे यथार्थवादी कोमल कला के मूल्यों और सोभा सिंह के जीवन दर्शन ग्रो मोर गुड को आत्मसात करें। सोसायटी के महासचिव डॉ. हृदय पाल सिंह ने बताया कि सोभा सिंह कलाकार की ओर से लिखे और प्राप्त पत्रों का एक संकलन अगले वर्ष प्रकाशित किया जाएगा। इन पत्रों का चयन पांच प्रमुख विषयों में किया गया है और इनमें से कई पत्रों को सोभा सिंह संग्रहालय में प्रदर्शित किया गया है। कलाकार कुलवंत सिंह गहीर ने लोककला विशेषज्ञ कमलजीत कौर को उनका बनाया पोर्ट्रेट भेंट किया। रिपनप्रीत कौर और सुखदीप कौर ने लाइव पेंटिंग बनाई, वहीं रूपिंदरजीत कौर के निर्देशन में नाटक अंधी माई का सपना मंचित किया गया। सुखजीत कौर और उनकी टीम की संगीतमय प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नवदीप और दीया ने सोभा सिंह के जीवन और कला यात्रा पर अपने विचार रखे। गुरकोमल कौर की कढ़ाई कला को आगंतुकों ने विशेष रूप से सराहा। लवप्रीत, जशनदीप, विश्वप्रीत और प्रकट सिंह की ओर से निर्मित कला और हस्तशिल्प प्रदर्शित किए गए। मेहकदीप सिंह, हरनैब सिंह और जसकरण सिंह ने आशुचित्रकला का प्रदर्शन किया, जबकि कुलदीप सिंह ने सोभा सिंह कलाकार का सुंदर पेंसिल स्केच तैयार किया। उद्घाटन समारोह में सोभा सिंह स्मारक कला सोसायटी के स्थानीय सदस्य एवं कलाकार सोभा सिंह की पुत्री बीबी गुरचरण कौर स्थानीय कलाकारों, कला-प्रेमियों और पर्यटकों ने भाग लिया।