पालमपुर (कांगड़ा)। तीन दिन से नगरी विद्युत सब स्टेशन के तहत बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मियों में दिन में बिजली जाने से लोग काफी परेशान हैं। बिजली की इस लचर व्यवस्था से लोगों का अब बिजली बोर्ड के खिलाफ आक्रोश बढ़ने लगा है।
नगरी सब स्टेशन से चलने वाली बिजली आपूर्ति मैंझा, चिंबलहार समेत कई गांवों में दोपहर काे आंख-मिचौनी का खेल, खेल रही है। मंगलवार को भी दोपहर करीब 12 बजे से साढ़े चार बजे तक बिजली बंद रही। उत्तम गोस्वामी, राजेंद्र कुमार, रविंद्र राणा, चैना राम, प्रवीन कुमार, संजय कुमार समेत कई लोगों का कहना है कि आखिर दोपहर को ही बिजली आपूर्ति क्यों बार-बार बाधित होती है जबकि हर सप्ताह बिजली बोर्ड पावर कट कर इसकी मरम्मत करता है।
वहीं, पूर्व विधायक प्रवीण कुमार ने कहा कि वर्तमान में घंटों बिजली बंद रहना और रात-दिन सप्लाई बाधित रहने से लोग विशेषकर विद्यार्थी और बुजुर्ग परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनता का गुस्सा सड़क पर भी दिखाई दे सकता है।
-
बिजली की लाइनों में अचानक फाल्ट आ गया था। इससे मंगलवार को बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसे बाद में ठीक कर बिजली आपूर्ति को सुचारू रूप से चालू कर दिया गया। -राहुल चौधरी, जेई, गोपालपुर