कांगड़ा में राज्य विद्युत परिषद् पेंशनर फोरम कांगड़ा ईकाई की बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारी।
कांगड़ा। राज्य विद्युत परिषद पेंशनर फोरम कांगड़ा इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कर्मचारियों और पेंशनरों के संशोधित वेतनमान के एरियर को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान फोरम की कांगड़ा इकाई के अध्यक्ष एनडी चौधरी ने सरकार से मांग की कि विद्युत परिषद के कर्मचारियों और पेंशनरों को 1 जनवरी 2016 से संशोधित वेतनमान का बकाया एरियर तत्काल प्रभाव से प्रदान किया जाए।
चौधरी ने कहा कि सरकार ने अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारियों और पेंशनरों को यह एरियर दे दिया है लेकिन विद्युत परिषद के कर्मचारियों के मामले में इस भुगतान में देरी हो रही है, जो उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि महंगाई भत्ते का 13 प्रतिशत हिस्सा कर्मचारियों के लिए देय हो चुका है, जिसका भुगतान तुरंत किया जाना चाहिए। बैठक में पेंशनर्स और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए गंभीर चिंताएं व्यक्त की गईं।बैठक की शुरुआत दिवंगत मुख्य अभियंता दिवंगत विमल नेगी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए दो मिनट के मौन धारण करने से की गई। सभी उपस्थित सदस्यों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। बैठक में विमल नेगी की दुखद मृत्यु को लेकर मांग की है कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से भ्रष्ट अधिकारियों पर कोई दबाव नहीं बनना चाहिए, ताकि ईमानदारी से काम करने वाले कर्मचारियों को सुरक्षित महसूस हो। बैठक में मदन मेहरा, ओम प्रकाश गुलेरिया, आरसी भारती और जोगिंदर सिंह आदि उपस्थित रहे।