धर्मशाला। जिला कांगड़ा में आठवीं आर्थिक गणना 2025-26 से संबंधित विशेष बैठक अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को एडीसी कार्यालय धर्मशाला में हुई। जिसमें जिला स्तरीय समन्वय समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। अनुसंधान अधिकारी जिला कांगड़ा स्वर्ण लता ने बताया कि गणना का क्षेत्रीय कार्य 1 मई 2025 से शुरू होगा। यह कार्य राष्ट्रीय स्तर पर हो रहा है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि राज्य स्तरीय समन्वय समिति की ओर से जारी निर्देशानुसार जिले में गणना का कार्य होगा। उन्होंने इस गणना के विभिन्न बिंदुओं पर अलग-अलग चर्चा कर सभी अधिकारियों को अवगत कराया। एडीसी ने कहा कि इस गणना में घरेलू उद्यमों समेत सभी प्रतिष्ठानों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ-साथ इसमें डेटा कैप्चर, सत्यापन रिपोर्ट निर्माण और प्रसार के लिए एक आईटी आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आर्थिक गणना के लिए इन्यूमरेटर के तौर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व आशा वर्कर और सुपरवाइजर के लिए पटवारी, पंचायत सहायक व पंचायत सचिव की तैनाती की जाएगी। इस गणना में सारा डेटा मोबाइल एप के माध्यम से एकत्रित किया जाएगा।