धर्मशाला। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की धर्मशाला में तैनात असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर के पंचकूला स्थित घर में दबिश के चलते जिला कांगड़ा में भी रविवार को दिनभर हलचल रही। अधिकारी के धर्मशाला में तैनात होने के चलते प्रदेश की सुरक्षा एजेंसियां भी दिन भर सतर्क रही। ऐसे में दिन भर चर्चा रही कि धर्मशाला सहित जिला कांगड़ा के विभिन्न स्थानों पर ईडी की ओर से छापामारी की गई है। जानकारी के अनुसार ईडी ने रविवार को हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में पांच जगहों पर छापे मारे।
ये छापे निशांत सरीन, उनके ससुर रमेश कुमार गुप्ता और उनकी सहयोगी कोमल खन्ना से जुड़े रिहायशी और व्यावसायिक ठिकानों पर मारे गए। निशांत सरीन पर बद्दी में असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर के पद पर रहने के दौरान स्टेट विजिलेंस ने 11 सितंबर 2019 को मामला दर्ज किया था। वर्ष 2024 में निशांत को असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर के पद पर तैनाती मिली थी। हाल ही में उन्होंने कांगड़ा-चंबा में मेडिकल स्टोरों के खिलाफ कार्रवाई थी। अब ईडी की जांच का विषय बना हुआ है कि धर्मशाला में रहते हुए उन्होंने कोई जबरन रिश्वत अथवा अपने पद का दुरुपयोग तो नहीं किया है। हालांकि, रविवार को निशांत सरीन के घर पर छापामारी की चर्चा धर्मशाला में बनी रही।