शाहपुर (कांगड़ा)। उपमंडल के डढंब गांव में रविवार दोपहर उस समय मातम छा गया, जब 41 वर्षीय किसान विजय कुमार पुत्र राज सिंह पर खेत में काम करते वक्त बिजली गिर गई। वह अपनी पत्नी और पिता के साथ खेतों में काम कर रहे थे कि अचानक कड़कती बिजली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग तुरंत सहायता को दौड़े और विजय को शाहपुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान उनकी पत्नी भी बेसुध हो गई। जिन्हें उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी है। विजय कुमार ऑटो मेकेनिक का काम करता था और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जो अभी प्राइमरी स्कूल में पढ़ते हैं। उधर, शाहपुर थाना प्रभारी करतार सिंह ठाकुर ने बताया कि मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए धर्मशाला भेजा गया है।