ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी के साथ लगती पंचायत कथोग में देर रात नशे में धुत ऑटो चालक ने सड़क किनारे खड़ी वैन को टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो में सवार दुकानदार की मौत हो गई। वहीं, ऑटो चालक को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी तिलकराज ने की है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात अमित कुमार निवासी बदौली कथोग ने थाना ज्वालामुखी में शिकायत दर्ज करवाई है कि गुरदयाल सिंह निवासी गाहलियां ने तेज गति और लापरवाही से ऑटो चलाते हुए कथोग में सड़क किनारे खड़ी वैन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद उसने मौके से फरार होने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे रोक लिया। लोगों ने पाया कि ऑटो में सवार दूसरे व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान अजीत सिंह पुत्र बाबू राम निवासी दरंग के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अजीत को सिविल अस्पताल ज्वालामुखी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने अजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। मामले की सूचना मिलने पर एएसआई बलदेव शर्मा टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और आगामी कार्रवाई अमल में लाई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी देहरा भेज दिया है।
ज्वालामुखी पुलिस ने ऑटो चालक गुरदयाल सिंह का मेडिकल करवाया, जिसमें उसके नशा करने की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि अजीत सिंह ज्वालामुखी में पार्किंग में बनी छोटी सी दुकान चलाता था और समोसे-छोले बेचता था। हादसे की रात ऑटो में सवार होकर वह अपने ससुराल कथोग जा रहा था। पुलिस ने ऑटो चालक गुरदयाल सिंह के खिलाफ मामला थाना में दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।