कांगड़ा। विकास खंड के ठाकुरद्वारा से गाहलियां गांव तक करीब साढ़े सात करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना का काम जारी है। कार्य पूरा होने के बाद योजना को जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा।
यह जानकारी निशू मोंगरा ने गांव पलेरा के टीका जटेहड़ में ‘आपका सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम के दौरान दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने सामुदायिक भवन, बिजली और पानी सहित अन्य समस्याएं भी उठाईं।
निशू मोंगरा ने बताया कि एलडब्ल्यूएसएस गाहलियां-ठाकुरद्वारा, एलडब्ल्यूएसएस राजियाना और रानीताल की सुधार योजनाओं से राजियाना, भंगवार, रानीताल, गाहलियां, ठाकुरद्वारा और पलेरा पंचायतों को लाभ मिलेगा। इन योजनाओं से करीब 13,311 लोगों और 4,248 विद्यार्थियों को पेयजल सुविधा मिलने की उम्मीद है। योजना के तहत 10 तालाब भी शामिल हैं।
इस अवसर पर रमन कुमार, केवल चौधरी, सरोज कुमारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।