योल (कांगड़ा)। नरवाना खास पंचायत के शनिदेव मंदिर के आसपास रहने वाले कई परिवार लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। हैंडपंप खराब होने के कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जल शक्ति विभाग की पेयजल आपूर्ति भी नियमित नहीं है। कई बार मटमैला पानी आने से उसका उपयोग करना मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार प्राकृतिक जलस्रोत भी लंबे समय से साफ-सफाई और रखरखाव के अभाव में लगभग बंद हो चुका है जिससे समस्या और बढ़ गई है। उन्होंने प्रशासन और जल शक्ति विभाग से जलस्रोत की सफाई और पुनर्जीवित कराने की मांग की है ताकि क्षेत्र को पेयजल का स्थायी विकल्प मिल सके।
पंचायत प्रधान वीर चंद ने बताया कि पंचायत इस समस्या से अवगत है। इसके समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी के प्रयासों से पंचायत के लिए तीन नए हैंडपंप स्वीकृत हुए हैं। बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद शनिदेव मंदिर के समीप नया हैंडपंप स्थापित किया जाएगा। संवाद