धर्मशाला। स्मार्ट सिटी धर्मशाला के दाड़ी क्षेत्र में एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान नंदा शर्मा (34) के रूप में हुई है। परिजन महिला को अचेत अवस्था में क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला लेकर आए थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवा दिया है, जिसका पोस्टमार्टम सोमवार को किया जाएगा।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा है कि ‘मेरी मौत का कोई जिम्मेदार नहीं है।’ पुलिस इस सुसाइड नोट की सत्यता की पुष्टि फोरेंसिक हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से कराएगी।
दूसरी ओर घटना की सूचना मिलने पर धर्मशाला पहुंचे मृतका के माता-पिता ने दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मायके पक्ष का कहना है कि आरोपी दामाद लंबे समय से बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। मृतका अपने पीछे दो छोटी बेटियां छोड़ गई है। एएसपी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।