पालमपुर (कांगड़ा)। सुलह विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक शिक्षक खंड भवारना के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष कुलदीप चंद की अध्यक्षता में प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान से मुलाकात की। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 2 लाख 15 हजार रुपये का चेक भेंट किया। ब्लॉक अध्यक्ष ने प्राथमिक शिक्षा ढांचे से की जा रही छेड़छाड़ पर भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि जहां सुक्खू सरकार कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ देकर उनके बुढ़ापे को सुरक्षित किया है, वहीं दूसरी तरफ शिक्षा विभाग प्राथमिक ढांचे को तहस-नहस करने पर उतारू है। प्राथमिक ढांचे का प्रशासनिक कंट्रोल प्रिंसिपल को देने जा रहा है जिससे प्राथमिक अध्यापकों का प्रमोशन चैनल ध्वस्त हो जाएगा और बीईईओ एवं सीएचटी की शक्तियां छिन जाएंगी। यह पद डाइंग कैडर में चले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अगर क्लस्टर सिस्टम को लागू किया गया तो प्राथमिक शिक्षक संघ को न चाहते हुए भी संघर्ष की रहा अख्तियार करनी पड़ेगा तथा शिक्षा विभाग और प्राथमिक शिक्षकों में टकराव की स्थिति उत्पन्न होगी। इससे सरकार की छवि खराब होगी। उन्होंने संजय सिंह चौहान से आग्रह किया कि इस मामले में वह प्राथमिक शिक्षकों का पक्ष मुख्यमंत्री के सम्मुख सकारात्मक तरीके से रखें। संजय सिंह चौहान ने कहा कि पीटीएफ के तीनों अध्यक्षों कुलदीप चंद, मोहिंदर सिंह, हरीश कुमार ने जो मांगें रखी हैं, उन्हें मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू तक पहुंचा दिया जाएगा। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि जायज मांगों को मुख्यमंत्री अवश्य मानेंगे।