धर्मशाला। ऑनलाइन ठगी के लिए शातिर आए दिन नए-नए पैंतरे अपना रहे हैं। अब मोबाइल फोन से सिम निकालकर खातों से पैसे उड़ाए जा रहे हैं। जिला कांगड़ा में हाल ही में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। इनमें शातिरों ने दुकानदारों को निशाना बनाते हुए 30 हजार रुपये की ठगी की है। शातिरों ने दुकानदारों को बातों में उलझाकर फोन से बात करने के बहाने मोबाइल फोन लेकर ठगी की इन वारदातों को अंजाम दिया है।
हाल ही में जिला मुख्यालय धर्मशाला में एक पेंट की दुकान में महिला के साथ ठगी का मामला सामने आया है। इसमें पेंट लेने पहुंचे शातिरों ने रंग पसंद करने को लेकर महिला दुकानदार से फोन लिया और सिम निकाल ली। इसके कुछ ही समय बाद उसके बैंक खाते से 25 हजार रुपये शातिरों ने निकाल लिए। इसी तरह गगल में भी दुकानदार कुछ दिन पहले ऐसी ही ठगी का शिकार हुआ था। इसमें दुकान में सामान लेने के बहाने पहुंचे शातिरों ने मोबाइल फोन से बात करने के लिए दुकादार से फोन मांगा और दूसरे आरोपी ने दुकानदार को अपनी बातों में उलझाए रखा। इसी बीच आरोपी ने सिम निकालने के कुछ समय बाद ही पांच हजार रुपये दुकानदार के खाते से निकाल लिए।
उधर, एएसपी साइबर क्राइम पुलिस थाना धर्मशाला प्रवीण धीमान ने बताया कि ऑनलाइन ठगी करने वाले शातिर नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। हाल ही में ऐसे मामले सामने आए हैं। इनमें मोबाइल सिम निकालकर लोगों के साथ ठगी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कभी भी किसी अनजान व्यक्ति को अपना मोबाइल न दें। साथ ही फोन में बैकिंग संबंधी सेवाओं का प्रयोग करते हैं तो इसमें पासवर्ड मजबूत होना चाहिए। बैकिंग एप और मोबाइल का अलग-अलग पासवर्ड रखें।