धर्मशाला। मैक्लोडगंज थाना क्षेत्र के धर्मकोट टैक्सी स्टैंड पर सोमवार शाम कार पीछे करने को लेकर स्थानीय युवकों और पंजाब के पर्यटकों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मौके पर तलवार और रॉड चलने से दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नड्डी निवासी पंकज डोगरा के अनुसार सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पंजाब नंबर की कार पीछे करते समय दूसरी गाड़ी से टकराने वाली थी। स्थानीय निवासी विपन ने चालक को आराम से कार पीछे करने को कहा। आरोप है कि इसी बात पर कार सवार जपनूर सिंह ने तलवार निकालकर पंकज की पीठ पर तीन वार किए।
इस दौरान गुरविंद्र और दमनप्रीत ने उसे पकड़ा हुआ था, जबकि अमनदीप ने उसके भाई अतुल पठानिया के साथ मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया। पुलिस ने इस शिकायत पर चारों पर्यटकों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वहीं, दूसरे पक्ष से पंजाब के तरनतारन निवासी गुरविंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि गलत रास्ते के कारण उनकी कार संकरी सड़क में फंस गई थी। टैक्सी पार्किंग में कार पीछे करते समय स्थानीय लोगों से कहासुनी हुई। आरोप है कि तभी छह से नौ लोग रॉड और डंडे लेकर वहां पहुंचे और चारों युवकों की पिटाई कर दी। सिर पर रॉड लगने से गुरविंद्र बेहोश हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को उपचार के लिए धर्मशाला अस्पताल भेजा। एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि चिकित्सकीय रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।