धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के 9वें दीक्षांत समारोह में शिरकत करने पहुंचे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे के चलते शनिवार को धर्मशाला शहर की गति काफी धीमी रही। वीवीआईपी सुरक्षा के नाम पर अव्यवस्थित ट्रैफिक प्लान के कारण जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम जनता और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच पुलिस ने तालमेल की कमी के चलते प्रमुख चौकों पर वाहनों के पहिये करीब 30-30 मिनट पहले ही रोक दिए। हालांकि शुक्रवार को प्रशासन की ओर से जारी प्लान में वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान 20 मिनट तक ट्रैफिक रोकने की बात कही थी। अव्यवस्था के कारण धर्मशाला से गगल और गगल से धर्मशाला की ओर जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक दिक्कत हुई।
धर्मशाला के रेडक्रॉस चौक, कचहरी चौक, कॉलेज रोड और शिक्षा बोर्ड के पास बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक ट्रैफिक रोक दिए जाने से सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस अव्यवस्था के कारण कई लोग जरूरी काम और अस्पताल जाने के लिए घंटों फंसे रहे। उपराष्ट्रपति का काफिला गुजरने तक आम लोगों को चिलचिलाती धूप और जाम के बीच सड़क किनारे खड़े रहने को मजबूर होना पड़ा।
लोगों का कहना है कि प्रशासन और पुलिस का प्रबंधन इतना लचर था कि बार-बार ट्रैफिक रोके जाने से पूरे शहर की आवाजाही पटरी से उतर गई। शहरवासियों का स्पष्ट कहना है कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा जरूरी है, लेकिन पुलिस को बेहतर और जन-अनुकूल ट्रैफिक प्रबंधन करना चाहिए था ताकि आम आदमी को इस कदर परेशान न होना पड़ता।
यहां पर हमें लगभग 20 मिनट से रोक रखा है। वीवीआईपी काफिला कब आएगा, किसी को पता नहीं। सामान की डिलीवरी के लिए निकला था, लेकिन इस अव्यवस्था ने सब काम खराब कर दिया। -सोम थापा, डिलीवरी बॉय
वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सैकड़ों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। पुलिस को चाहिए था कि काफिला आने से 5-10 मिनट पहले ट्रैफिक रोकते, लेकिन यहाँ तो आधे घंटे पहले ही सब जाम कर दिया गया। -मुनीष कुमार, चालक
सोम थापा।
सोम थापा।
सोम थापा।