लंबागांब (कांगड़ा)। अपर लंबागांव के बाजार के चौक पर हाल ही में लगाई गई हाई मस्क सोलर लाइट जहां बाजार को चकाचौंध कर रही है। हालांकि इस सब के बीच इसके नीचे निकाली मिट्टी हादसों को न्योता दे रही है। हाई मस्क लाइट का खंभा लगाने के बाद जो मिट्टी निकाली गई थी वह वहीं सड़क पर पड़ी है। इस कारण वहां कीचड़ और दलदल जैसे हालात हैं और वाहन चालकों को फिसलने के डर सताता रहता है।
व्यापार मंडल के प्रधान पवन शर्मा सहित दुकानदारों देव शर्मा, संतोष सूद, राजेंद्र राणा, संजय चौधरी और आरती कुमारी आदि का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उधर, जयसिंहपुर लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन विजय वर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह मामला अभी ही उनके संज्ञान में आया है। इस संबंध में सहायक अभियंता को आदेश देकर के जो उचित कार्रवाई होगी वह की जाएगी।