धर्मशाला। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) धर्मशाला को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा। लगभग 14 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण की कमान हिमाचल प्रदेश आवास एवं शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) को सौंपी गई है। योजना पूरी होने के बाद डाइट धर्मशाला को आधुनिक प्रशिक्षण संस्थान के रूप में नई पहचान मिलेगी।
परियोजना के तहत संस्थान के शैक्षणिक ढांचे को मजबूत किया जाएगा। यहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए आधुनिक अकादमिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का अत्याधुनिक ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। इससे बड़े शैक्षणिक सम्मेलनों, कार्यशालाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा होगी। इस पहल से शिक्षक प्रशिक्षण की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
योजना को धरातल पर उतारने के लिए हिमुडा निर्धारित डिजाइन और तकनीकी मानकों के अनुसार निर्माण पूरा करेगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस होने के बाद संस्थान में राज्यस्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों के अलावा अन्य शैक्षणिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी। ऑडिटोरियम बनने से शिक्षा विभाग और अन्य संस्थाओं को आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
बजट मिला, कार्य शुरू : एसके नेगी
हिमुडा के एसई एसके नेगी ने बताया कि प्रस्तावित प्रोजेक्ट के लिए करीब 14 करोड़ रुपये का बजट मिल चुका है। धरातल पर कार्य शुरू कर दिया गया है। ऐसा ही एक एक्सीलेंस संस्थान नादौन में भी स्थापित किया जा रहा है। इसका निर्माण भी हिमुडा ही करेगा।