खैरा में पानी के टैंक की सफाई करते हुए आईपीएच कर्मी। संवाद
खैरा (कांगड़ा)। जिला मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगती पंचायतों में सामने आ रही डायरिया के मामलों के बाद अब खैरा में अलर्ट जारी किया गया है। जल शक्ति विभाग ने सावधानी के तौर पर क्षेत्र को सप्लाई देने वाली करीब 35 छोटे-बड़े पेयजल टैंकों की सफाई के निर्देश दिए हैं। जबकि स्वास्थ्य विभाग ने भी पेयजल स्रोतों की नियमित निगरानी की हिदायत अपने विभागीय स्टाफ को दी है।
खैरा सेक्शन के सहायक अभियंता विपिन चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में पानी की आपूर्ति करने वाले करीब 35 छोटे-बड़े भंडारण और आपूर्ति किए जाने वाले टैंक हैं। जिनकी हर 15 दिन के अंतराल पर रूटीन में सफाई की जाती है। साथ ही रोजाना आपूर्ति करने वाली पानी टंकी की क्लोरोनेशन भी की जाती है। ताकि लोगों को स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। लेकिन अब जिले में डायरिया के मामले आने पर विभाग और भी गंभीर हो कर निगरानी कर रहा है। ताकि लोगों को हर हालत में स्वच्छ पानी की ही आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
उधर, बीएमओ भवारना डॉ. नवीन राणा ने बताया कि जिला कांगड़ा में डायरिया के मामले सामने आने के बाद चिकित्सा खंड भवारना काफी सावधानीपूर्वक काम कर रही है ताकि भवारना के आसपास के क्षेत्रों में डायरिया नहीं फैले। विभाग के अधिकारियों को भी जल स्त्रोतों की नियमित सफाई की निगरानी रखने की हिदायत जारी की है। साथ ही लोगों को भी सचेत किया जा रहा है कि वे अपने परिवेश में स्वच्छता का ध्यान रखें। हालांकि भवारना के तहत अभी तक डायरिया का एक भी मामला सामने नहीं आया है, फिर भी विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के अधिकारियों तथा कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।