तीखे मोड़ पर पलटा लकड़ी से भरा ट्रक
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
देहरा उपमंडल के ढलियारा में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। इमारती लकड़ी से लदा ट्रक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि, टांडा अस्पताल पहुंचते ही चालक ने दम तोड़ दिया।
हादसा शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ। गुजरात से इमारती लकड़ी लेकर पंजाब नंबर का ट्रक बड़ूहूं (देहरा) की ओर आ रहा था। इसी दौरान ढलियारा के पास एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
मृतक की पहचान गोविंद सिंह (28) पुत्र मेशी शर्मा निवासी कोटकपुरा, फरीदकोट (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसपी नवदीप सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।