धर्मशाला। प्रशासनिक सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए उपनिदेशक पर्यटन विनय धीमान को इंडियन एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया। जिला बिलासपुर में आयोजित समारोह में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम में मंत्री राजेश धर्माणी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विज्ञापन
समारोह का आयोजन लाडली फाउंडेशन, हिमाचल रेनबो स्टार क्लब और गोविंद सागर एडवेंचर एंड वॉटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से किया गया। इसमें समाज और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।
लाडली फाउंडेशन की प्रदेश अध्यक्ष शालू अख्तर ने बताया कि विनय धीमान को जनहित में बेहतर प्रशासनिक सेवाएं देने और सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर आम लोगों तक पहुंचाने के लिए इस सम्मान से नवाजा गया है। संवाद