सुशासन सूचकांक में लगातार तीसरी बार अव्वल रहा जिला कांगड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिला कांगड़ा ने लगातार तीसरी बार सुशासन सूचकांक में प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर राज्य में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन को दोहराया है। राजधानी शिमला में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित एक कार्यक्रम में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने ‘गुड गवर्नेंस’ के लिए 50 लाख का प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया।
सोमवार को उपायुक्त हेमराज बैरवा ने अपने कार्यालय में गुड गवर्नेंस के लिए प्रथम पुरस्कार मिलने पर कांगड़ा जिला के अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। कहा कि जिला कांगड़ा में विभागों के बेहतर आपसी समन्वय के चलते गवर्नेंस सुगम और सरल हुई है।
उन्होंने कहा कि इस पुरस्कार का श्रेय जिले में जनता की सुविधा और सरकार के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए तन्मयता और निष्ठा से कार्य कर रहे अधिकारी-कर्मचारियों को जाता है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रदर्शन को बरकरार रखने के लिए जिले में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया है, ताकि आम जनमानस को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर एडीसी विनय कुमार, एडीएम डॉ. हरीश गज्जू, एसी टू डीसी सुभाष गौतम और जिला सांख्यिकी अधिकारी सलोचना देवी सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।