शानन जल विद्युत परियोजना को भी अपने अधीन ले सरकार : भरमौरिया
बैजनाथ (कांगड़ा)। हिमालय जागृति मंच के महासचिव कर्नल आरएम भरमौरिया और सदस्यों ने पठानकोट-जोगिंद्रनगर नैरो गेज रेललाइन को ब्रॉड गेज करने और आगे मंडी तक विस्तार की मांग उठाई है।
उन्होंने कहा कि हमारा मंच प्रदेश के गंभीर मुद्दों को समय-समय पर उठाता रहता है। पठानकोट-जोगिंद्रनगर नैरो गेज रेल लाइन को ब्रॉड गेज करने के लिए संस्था 2015 में लगभग 3 लाख लोगों के हस्ताक्षरों सहित ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेलवे मंत्री एवं प्रदेश सरकारों को भेज चुकी है। उन्होंने कहा कि शानन जल विद्युत परियोजना जोगिंद्रनगर जो 100 साल से पंजाब सरकार के अधीन है, इसे भी हिमाचल सरकार जल्द अपने अधीन करे। इस मुद्दे को भी इस मंच के माध्यम से जोरों से उठाया गया है। इस अवसर पर डॉ. जोगिंदर सिंह राणा, डॉ. आरएस किश्तवाडिया, डॉ. केहर सिंह, संचिता कुमारी, अजय कुमार, सनी भाटिया, बृज वाला कटोच इत्यादि मौजूद रहे। संवाद