दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री से मिले सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज
संवाद न्यूज एजेंसी
नूरपुर (कांगड़ा)। लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने वीरवार को दिल्ली में केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री अश्वनी वैष्णव से भेंट कर संसदीय क्षेत्र कांगडा-चंबा के विभिन्न रेलवे विकास विषयों को लेकर चर्चा की। डॉ. राजीव भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल लाइन को ब्रॉडगेज में बदलने की मांग की। इससे कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के लोगों को भी रेल सुविधा के साथ-साथ वंदे भारत की सुविधा मिल सके।
उन्होंने रेल मंत्री से नूरपुर रोड (जसूर) रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित करने की मांग की। नूरपुर रोड (जसूर) रेलवे स्टेशन प्रदेश का प्रवेशद्वार है, ऐसे में इस स्टेशन को विकसित और अति आधुनिक सुविधाओं से लैस करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले वित्त वर्ष में नूरपुर रोड (जसूर) रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कर इसे विकसित और सुंदर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांगड़ा में रेलवे विकास की अन्य मांगों, जिन्हें संसद में उठाया गया था, उन सभी मांगों पर केंद्रीय रेल मंत्री के साथ चर्चा की गई है।