देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। पुलिस जिला देहरा ने नशा तस्करों के खिलाफ चौतरफा शिकंजा कसते हुए एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वित्तीय अन्वेषण के जरिए नशे के काले कारोबार से अर्जित 50,16,403 रुपये मूल्य की चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज कर दिया है। इसे पुलिस जिला देहरा की नशा माफियाओं की रीढ़ तोड़ने वाली तीसरी सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 22 नवंबर 2025 को देहरा थाना में दर्ज एफआईआर के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 में आरोपी राम पाल (38) निवासी सूरजपुर को नामजद किया गया था। पुलिस ने आरोपी के मकान पर दबिश देकर कमरे की अलमारी से 3 किलोग्राम 628 ग्राम चरस बरामद की थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी गई थी। मौके से 64,035 रुपये की ड्रग मनी भी बरामद हुई थी।
जांच के दौरान देहरा पुलिस ने आरोपी की काली कमाई का पता लगाने के लिए वित्तीय जांच शुरू की। इसमें खुलासा हुआ कि आरोपी ने नशे के अवैध व्यापार से यह संपत्ति खड़ी की है। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के विभिन्न बैंक खातों में जमा 26.38 लाख रुपये, निर्माणाधीन भवन का 12.46 लाख का फर्नीचर, 9.28 लाख की कार, 1.15 लाख की स्कूटी और नगदी सहित कुल 50.16 लाख की संपत्ति फ्रीज कर दी।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि आरोपी राम पाल शातिर अपराधी है और पहले भी कई मामलों में संलिप्त रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्र में नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा और तस्करों की अवैध संपत्तियों को कुर्क करने की यह कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।