रैत (कांगड़ा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलियाड़ा में चार दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-19 मेजर खेलकूद प्रतियोगिता का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। समापन समारोह में शिक्षा उपनिदेशक अजय संबयाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
बैडमिंटन के छात्र वर्ग के खिताबी मुकाबले में देहरा जोन ने ज्वालामुखी जोन को व बैडमिंटन छात्रा वर्ग के फाइनल में नूरपुर जोन ने पालमपुर जोन को हराकर खिताब जीता। फुटबाल (छात्रा वर्ग) में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घरोह ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैहन को पराजित किया। हॉकी स्पर्धा के रोमांचक फाइनल में जयसिंहपुर की बालिकाओं ने थुरल को मात दी।
बास्केटबाल मुकाबले में कॉमेट मेन्सा पब्लिक स्कूल देहरी ने पब्लिक स्कूल नूरपुर को हराया। हैंडबाल के फाइनल में कॉमेट मेन्सा ने जीएवी स्कूल कांगड़ा को पराजित किया। शतरंज के छात्र वर्ग में ज्वालामुखी जोन ने धर्मशाला जोन को मात दी, वहीं छात्रा वर्ग में कांगड़ा जोन ने ज्वालामुखी जोन को हराकर बाजी मारी।
इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय शर्मा ने मुख्य अतिथि, अधिकारियों, शिक्षकों और खिलाड़ियों का स्वागत किया। समापन समारोह में स्थानीय स्कूल के छात्र-छात्राओं ने कांगड़ा और चंबा के पारंपरिक लोकनृत्य, भांगड़ा और गिद्दा पेश कर खूब समां बांधा। अजय संबयाल ने सभी खिलाड़ियों के खेल कौशल और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, धैर्य और टीम भावना का संचार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे खेलों के साथ-साथ पढ़ाई पर भी बराबर ध्यान दें और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें।
इस अवसर पर रिशु पठानिया, मुकेश मिन्हास, नवीन मिन्हास सहित जिले भर से आए शारीरिक शिक्षक, खेल प्रभारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।