परागपुर की तरफ को जाने वाली सड़क की स्थिति। जागरूक पाठक
परागपुर (कांगड़ा)। जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र में नलेटी से कलोहा तक सड़क की बदहाली इन दिनों वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण सफर करना जोखिम भरा हो गया है। बारिश के दौरान स्थिति और बिगड़ जाती है, क्योंकि गड्ढों में भरी मिट्टी कीचड़ में बदल जाती है जिससे दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासी राजन शर्मा, मनोज शर्मा, राजेश कुमार राणा, प्रवीण कुमार, अरुण पटियाल, सतीश शर्मा, निशांत पटियाल, बलबीर चौधरी, संजीव कुमार और गौरव राणा ने सड़क की हालत पर गहरा रोष जताया है। उनका कहना है कि परागपुर, बणी, गरली, सेहरी, सदवां और कलोहा तक सड़क लगातार जर्जर हो रही है। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द स्थायी मरम्मत की मांग की है।
पीडब्ल्यूडी उपमंडल परागपुर के सहायक अभियंता राजन कौशल ने बताया कि विभाग स्थिति को लेकर गंभीर है। लगातार बारिश के कारण फिलहाल डामरीकरण का काम रोका गया है, लेकिन हादसों को टालने के लिए गड्ढों को भरकर रास्ता चालू रखा गया है। बरसात समाप्त होते ही पूरी सड़क पर प्राथमिकता के आधार पर तारकोल बिछाई जाएगी।