बैजनाथ (कांगड़ा)। प्रदेश की सबसे बड़ी नगर पंचायत में शामिल बैजनाथ-पपरोला की अध्यक्ष कांता देवी और उपाध्यक्ष वेदना की कुर्सी का निर्णय जल्द होगा। एसडीएम देवी चंद ठाकुर ने इसके लिए जिलाधीश कांगड़ा से चुनाव को लेकर आगामी दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।
नपं के 11 पार्षदों में से छह पार्षदों ने 1 अप्रैल को जिलाधीश कांगड़ा को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सौंपा था। इस प्रस्ताव के बाद 20 अप्रैल को एसडीएम देवी चंद ठाकुर ने पार्षदों का फ्लोर टेस्ट किया था। बाद में लोकसभा के चुनाव की तिथि घोषित होने पर इन दोनों कुर्सियों का निर्णय टल गया था। अब आचार संहिता के हटने के बाद एक बार फिर से कुर्सी के निर्णय को लेकर प्रक्रिया शुरू होने वाली है।
अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले इन छह पार्षदों में अनीता सूद, अमित कपूर, आशा भाटिया, रीतू, राजन चौधरी और राजेश कलेडी शामिल हैं। अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित हैं और कांता देवी के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव के पास हो जाने की स्थिति में इन छह पार्षदों में से रीतू या फिर आशा भाटिया की लॉटरी लग सकती है। रीतू सीधे रूप से भाजपा से जुड़ी हुई हैं, जबकि आशा भाटिया कांग्रेस से ताल्लुक रखती हैं।