कांगड़ा। एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालय पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में डीएवी कॉलेज कांगड़ा ने देहरी कॉलेज को मात दी, जबकि दूसरे मुकाबले में शाहपुर कॉलेज ने नगरोटा बंगवा को हराया।
पहले मैच में डीएवी कॉलेज कांगड़ा के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। देहरी की टीम 14.4 ओवर में मात्र 68 रन पर सिमट गई। देहरी की ओर से अनिकेत ने 17 और कृष ने 12 रन बनाए। कांगड़ा की ओर से साहिल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट चटकाए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी कांगड़ा टीम ने शुरुआती दो विकेट जल्दी गंवा दिए, लेकिन श्याम ने 12 गेंदों में 5 छक्कों और 2 चौकों की मदद से ताबड़तोड़ 42 रन की पारी खेल टीम को आसान जीत दिलाई।
देहरी की तरफ से पंकज ने तीन विकेट हासिल किए। दूसरे मैच में गवर्नमेंट कॉलेज शाहपुर ने गवर्नमेंट कॉलेज नगरोटा बंगवा को हराकर प्रतियोगिता में अपनी दावेदारी मजबूत की। इस मौके पर कांगड़ा शहर के समाजसेवी अमित वर्मा तथा कॉलेज प्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह पटियाल उपस्थित रहे।