कार में संदिग्ध अवस्था में मिला युवक का शव
आलमपुर की घटना, गाड़ी में मिले इंजेक्शन और सिरिंज
पिछले दो दिन से घर नहीं पहुंचा था हमीरपुर का ईशु
अमर उजाला ब्यूरो
थुरल (कांगड़ा)। आलमपुर के पास कार से 27 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पालमपुर भेज दिया है। हालांकि, युवक की मौत कैसे हुई, इसका अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस ने गाड़ी से एक इंजेक्शन और एक सिरिंज भी बरामद की है। बताया जा रहा है कि युवक पिछले दो दिन से अपने घर नहीं आ रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आलमपुर के बाग के पास एक युवक का कार से शव बरामद किया गया है। मृतक युवक की पहचान ईशु पुत्र भुवनेश कुमार वार्ड दो, स्वरूप गिरी मोहल्ला सुजानपुर जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। आलमपुर में शराब ठेके के पीछे बाग के पास एक आल्टो कार खड़ी थी। इसकी सूचना किसी राहगीर ने पुलिस को दी कि उसमें एक व्यक्ति बेसुध होकर पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि एक 27 वर्षीय युवक कार के अंदर मृत पड़ा हुआ है और उसके मुंह से
झाग निकल रहा है। गाड़ी अंदर से बंद थी और यह कार यहां पर करीब दो दिन से खड़ी थी। मौके पर पहुंचीं युवक की मां सुषमा देवी ने शव की पहचान की। उन्होंने बताया कि उसने अपनी गाड़ी ली हुई थी और वह घर कभी कभार ही आता था। आशंका है कि युवक नशीली दवाओं का इस्तेमाल करता था। उधर, थाना प्रभारी लंबागांव विपिन कुमार ने कहा कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पालमपुर भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।