नगरोटा बगवां में दुकान से गाड़ी की बैटरियां चोरी
साथ लगती दो दुकानों के सीसीटीवी कैमरों को पहुंचाया नुकसान
क्षेत्र में कुछ ही समय में चोरी की दूसरी घटना, लोगों में दहशत
अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां में राजकीय महाविद्यालय के समीप राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बुधवार रात को चोर एक दुकान से गाड़ियों की बैटरियां उड़ा ले गए। चोरों ने दुकान के शटर के दोनों ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना को अंजाम देकर अंदर रखीं नई और पुरानी बैटरियां उड़ा लीं। चोरी कर चोर शटर को बंद कर सामान सहित मौके से फरार हो गए। चोरी हुए इस सामान की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई गई है।
एके मेकेनिकल वर्क्स (रामू बैटरी बाले) के मालिक अश्वनी कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है, जबकि पुलिस ने मौका पर पहुंचकर मुआयना किया। उन्होंने बताया कि वीरवार सुबह जब वे दुकान पर आए तो उन्हें घटना का पता चला। चोर इतने शातिर थे कि उन्होंने उनकी दुकान के सामने एक अन्य दुकान पर लगे दो सीसीटीवी कैमरों में से एक में स्प्रे और एक को टेढ़ा कर दिया था, जबकि उनकी दुकान के नीचे एक अन्य दुकान के बाहर लगे दो कैमरों को तोड़ दिया था। सामने की दुकान के टेढ़े किए गए कैमरे की फुटेज में रात लगभग डेढ़ बजे उनकी दुकान के आगे एक गाड़ी और एक व्यक्ति कुछ हरकत करते हुए नजर आ रहा है, लेकिन पहचान में नहीं आ रहा है। चोरी गई विभिन्न गाड़ियों की बैटरियों में नई और पुरानी बैटरियां शामिल हैं। इनकी कीमत लगभग दो लाख 75 हजार रुपये बनती है। क्षेत्र में कुछ समय में ही चोरी की यह दूसरी घटना है। इससे पूर्व एक हार्डवेयर की दुकान के बाहर यार्ड में रखा दर्जनों कुंतल सरिया चोरी हो गया था।