धर्मशाला। जिला मुख्यालय के साथ लगते बंगरेहड़ गांव की महिला ने 25 लाख रुपये की लॉटरी के लालच में 60 हजार रुपये गंवा दिए। महिला को मोबाइल पर मैसेज आया था कि उनकी 25 लाख रुपये की लॉटरी लगी है, जिसे हासिल करने के लिए उन्हें कुछ पैसे अदा करने होंगे। इसके चलते महिला ने तीन किश्तों में जालसाजों के बैंक अकाउंट में 60200 रुपये जमा करवा दिए। हैरानी की बात है कि बार-बार ठगी के मामले सामने आने के बावजूद लोग सचेत नहीं हो रहे हैं। इसका फायदा शातिर लोग उठा रहे हैं। महिला ने इस संदर्भ में पुलिस थाना धर्मशाला में रिपोर्ट दर्ज करवा दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत में पूजा देवी पत्नी संजीव कुमार गांव बंगरेहड़ पोस्ट आफिस घरोह ने कहा है कि 17 मार्च को उसे एक मैसेज आया कि आपकी 25 लाख रुपये की लॉटरी लगी है। आप व्हाट्सऐप के जरिये उन्हें कॉल करें। कॉल करने के बाद फोन मान सिंह नामक व्यक्ति ने उठाया। उन्होंने लॉटरी की रकम को हासिल करने के लिए 10100 रुपये जमा करवाने और उसकी रसीद व्हाट्सऐप करने को कहा। महिला जालसाजों की बातों में आ गई और पैसे उनके बैंक अकाउंट में जमा करवा दिए।
इसके बाद महिला को एक और मैसेज आया कि लॉटरी को हासिल करने के लिए 30 हजार रुपये टैक्स के रूप में देने होंगे, जो उसे फिर उसी बैंक अकाउंट में जमा करवाने होंगे। महिला ने फिर उनके अकाउंट में 30 हजार रुपये जमा करवा दिए। इसके बाद महिला को एक और मैसेज आया कि पैसा आपके खाते में भेजा जा रहा है और आपको 20100 रुपये और जमा करवाने होंगे। 25 लाख की लॉटरी के लालच में महिला ने यह पैसे भी उसके खाते में जमा करवा दिए।
इसके बाद महिला को फिर मैसेज आया कि आपके अकाउंट का पिन नंबर छोटा है और इसे बढ़ाने के लिए 40 हजार रुपयों की मांग की। इस पर महिला ने इसे जमा करवाने से मना कर दिया। वहीं अपने 60200 रुपये वापस मांगे। जालसाजों ने महिला पैसे लौटने की एवज में 10 हजार और रुपयों की मांग की, लेकिन महिला ने इसे जमा नहीं करवाया। ठगी का अहसास होने के बाद बाद महिला ने पुलिस थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाकर पैसे वापस लाने की गुहार लगाई है।
झांसे में न आएं लोग : एएसपी दिनेश
कोट्स मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी कांगड़ा दिनेश कुमार ने कहा कि महिला ने 60 हजार की ठगी की शिकायत दी है। पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जालसाजों के झांसे में न आएं।