लंबागांव/फतेहपुर (कांगड़ा)। लंबागांव के कुंज्जेश्वर महादेव मंदिर के पास ब्यास नदी में बहे लंबागांव के युवक का नौ दिन बाद शव मिलने से गांव में मातम छा गया है। नौ दिन से प्रशासन, पुलिस और परिजनों सहित अन्य रिश्तेदार युवक की तलाश में जुटे थे। बुधवार को पौंग बांध में मिले युवक के शव की परिजनों ने वीरवार को शिनाख्त की।
31 जुलाई को लंबागांव का 21 वर्षीय राजवीर दोस्तों के साथ ब्यास नदी की ओर गया था। वहां पर वह दोस्तों के इनकार करने के बावजूद ब्यास नदी में नहाने उतर गया। नदी के पानी के तेज बहाव में युवक अपने आप को संभाल नहीं पाया और पानी में बह गया। उसके बाद स्थानीय लोगों, प्रशासन की ओर से फायर ब्रिगेड और पुलिस के जवानों ने युवक की तलाश शुरू की। लेकिन, पानी के तेज बहाव में बहे युवक का कोई पता नहीं चला। आठ अगस्त को फतेहपुर के समीप पौंग बांध में युवक का शव मिला। फतेहपुर पुलिस ने शव मिलने की सूचना लंबागांव पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने युवक के पिता को शिनाख्त करने के लिए बुलाया। युवक के पिता ने शिनाख्त की।
युवक ट्रैक्टर का चालक था। युवक की मां की काफी साल पहले मौत हो गई थी। एक छोटा भाई है, जो दिव्यांग है। पुलिस ने टांडा में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। उधर, पुलिस थाना लंबागांव के प्रभारी विपिन कुमार ने मामले की पुष्टि की है।