पहले महिला शिक्षक की स्कूटी रोकी
फिर चेन और पर्स छीनकर भाग निकले
भदरोया में बाइक सवारों ने फिल्मी अंदाज में दिया घटना को अंजाम
सैनिक स्कूल पठानकोट में अध्यापिका है लोधवा की मीना कुमारी
अमर उजाला ब्यूरो
कंडवाल (कांगड़ा)। नूरपुर थाना के भदरोया में वाइक सवार बदमाश एक महिला शिक्षक की फिल्मी अंदाज में चेन और पर्स ले उड़े। बताया जा रहा है कि पहले बाइक सवारों ने महिला टीचर को रोका, जो स्कूटी पर जा रही थी। बाइक सवारों ने महिला को कहा कि आपका पर्स गिर गया, जैसे ही महिला पीछे सड़क पर देखने लगी, एक बाइक सवार ने महिला के गले से चेन छीन ली और स्कूटी पर रखे पर्स को भी लेकर भाग निकले।
इस घटना से महिला हक्की बक्की रह गई और उसे कुछ भी समझ नहीं आया। बाद में महिला टीचर ने कंडवाल चौकी में बाइक सवारों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। नूरपुर उपमंडल के लोधवा निवासी मीना कुमारी ने कहा कि वह सैनिक स्कूल पठानकोट में अध्यापिका है और रोज की तरह जब वह घर से पठानकोट के लिए अपनी स्कूटी पर निकली तो भदरोया क्षेत्र में डमटाल लिंक रोड पर बाइक सवारों ने उसे रुकने का इशारा करते हुए कहा कि आपका पर्स गिर गया है। महिला के अनुसार जब उसने स्कूटी रोकी तो उक्त बाइक सवारों ने एकदम से उसके गले की चैन खींची और पर्स लेकर भाग गए। पर्स में नकदी के अलावा मोबाइल फोन भी था। उधर, डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने कहा कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।