जवाली( कांगड़ा)। पुलिस थाना जवाली के समलाना में अज्ञात वाहन की टक्कर से कार चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सतीश कुमार (32) पुत्र घुंगर राम निवासी पलौहरा जवाली के रूप में हुई है। सतीश कुमार रेहन में बतौर आरक्षी कार्यरत था।
वीरवार को सतीश कुमार ड्यूटी के बाद घर अपनी कार नंबर एचपी 03-1242 से आ रहा था, कि समलाना में अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे कार पेड़ से टकरा गई और सतीश कुमार घायल हो गया। उसे स्थानीय लोग उपचार के लिए अस्पताल ले आए, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, डीएसपी जवाली वीर बहादुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर करवाई शुरू कर दी है।