अमर उजाला ब्यूरो
कांगड़ा। नंदरुल गांव में स्वास्थ्य केंद्र की शिलान्यास पट्टिका और एक निजी बस में तोड़फोड़ का मामला कांगड़ा थाने में दर्ज हुआ है। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में धुत मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया। जब ये युवक गांव में उत्पात मचा रहे थे तो उस दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अन्य लोग संलिप्त तो नहीं हैं, पुलिस इसकी छानबीन में जुट गई है। जानकारी अनुसार नंदरुल में शराब के नशे में धुत्त तीन युवकों ने शिलान्यास पट्टिका तोड़ी और उसके बाद साथ पार्क की गई एक निजी बस को भी नुकसान पहुंचाया। गांव के लोगों ने घटना की सूचना पंचायत प्रधान स्नेह लता को दी। प्रधान ने पुलिस को मामले की सूचना दी। इस मामले में लिखित शिकायत भी पुलिस को सौंपी गई है। उधर, इस मामले में नंदरुल गांव से आए कई लोग कांगड़ा पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। थाना प्रभारी जसबीर सिंह सैनी ने बताया कि तीन युवकों की ओर से शराब के नशे में बस का शीशा और पीएचसी की शिलान्यास पट्टिका तोड़ने की सूचना मिली थी। डीएसपी संजीव चौहान ने बताया कि पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बाद में पुलिस ने आरोपियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा है।