अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। फेसबुक अकाउंट पर फर्जी आईडी बना कर प्रदेश की महिलाओं को परेशान करने वाला शातिर अभी भी पुलिस की पहुंच से दूर है। इतना ही नहीं, शातिर के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद भी पुलिस के आईटी एक्सपर्ट महिलाओं की बनाई गई फेक आइडी को बंद तक नहीं कर सके हैं। शातिर की ओर से सताई गई 5 और महिलाओं और युवतियों ने बिटिया फाउंडेशन से संपर्क कर अपनी आपबीती सुनाई है। बताया जा रहा है कि आरोपी जिन मोबाइल नंबरों से महिलाओं को फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था, वे स्विचड ऑफ आ रहे हैं। इसके चलते पुलिस आरोपी की सही लोकेशन तक नहीं पहुंच पाई है।
सीमा सांख्यान, प्रदेशाध्यक्ष बिटिया फाउंडेशन ने बताया कि शुक्रवार को डीसी के माध्यम से सीएम और पीएम को शिकायत भेजेंगीं। शक्ति ऐप में भी शिकायत दर्ज करवा दी है। बावजूद इसके उनकी शिकायत पर अभी तक कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
कोट
- पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जल्द ही आरोपी को तलाश कर हिरासत में लिया जाएगा। - संतोष पटियाल, एसपी, कांगड़ा