नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। इलाके की एक महिला ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद ही सुसरालियों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। अब यह प्रताड़ना मारपीट तक पहुंच गई है। अब मायके में रह रही महिला ने प्रशासन और पुलिस से भी न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित महिला ने उपायुक्त और पुलिस को सौंपे पत्र में बताया है कि उसकी शादी साल 2007 में हुई थी। उसने एक बेटी को जन्म दिया, जो वर्तमान में 11 साल की है। वहीं उसकी आठ माह पहले फिर से उसे बेटी हुई। दूसरी बेटी के जन्म के बाद से ही पति और सास ने बेटा न होने के ताने देकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। यह प्रताड़ना अब मारपीट तक पहुंच गई है, जिसकी उसने 24 जून को बड़ोह पुलिस चौकी में शिकायत सौंपी। इस दौरान पुलिस ने नगरोटा बगवां सिविल अस्पताल में उसका मेडिकल भी कराया। उसने बताया कि 29 जून से वह अपनी दोनों बेटियों के साथ मायके में रह रही है। मारपीट के बाद मायके वालों को बताया तो उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से उसके पति और सास को पंचायत घर बुलाया, लेकिन वह नहीं आए। महिला ने उसके साथ मारपीट की शिकायत महिला थाना धर्मशाला और उपायुक्त कांगड़ा को भी सौंपी है। उधर, पुलिस थाना नगरोटा बगवां के प्रभारी भारत भूषण ने बताया कि बड़ोह पुलिस चौकी प्रभारी को इस संबंध में शीघ्र जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बड़ोह चौकी प्रभारी पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि पुलिस मामले में जांच कर रही है। दोनों पक्षों को चौकी में बुलाया गया है।