कांगड़ा शहर में दिल्ली से आए पर्यटकों ने पीटा दुकानदार
बाद में गाड़ी छोड़ भागे, बीच-बचाव करने आए लोगों से भी मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
कांगड़ा। कांगड़ा शहर में दिल्ली से आए पर्यटकों की दादागीरी का मामला सामने आया है। नप कांगड़ा कार्यालय के समीप वाहनों को आगे-पीछे करने को लेकर स्थानीय दुकानदार व्यक्ति और दिल्ली से आए पर्यटन में कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि पर्यटकों ने स्थानीय व्यक्ति को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उसके साथ हाथापाई भी की। इससे स्थानीय दुकानदार को कंधे में चोट आई है।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पर्यटकों ने बाजार में खूब हंगामा मचाया। इसके बाद वे गाड़ी छोड़ फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की गाड़ी जब्त कर ली है। बताया जा रहा है कि इन पर्यटकों ने बीच-बचाव करने वाले स्थानीय लोगों से भी मारपीट की। भरे बाजार में यात्री स्थानीय दुकानदार से मारपीट कर फरार हो गए। पर्यटकों की दादागिरी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुकानदार का बचाव करने आए अन्य लोगों के साथ भी वह हाथापाई करने लगे। बाद में मामला बढ़ता देख फरार हो गए। एसएचओ मेहर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।