मैक्लोडगंज (कांगड़ा)। अंतरराष्ट्रीय ट्रैकिंग स्थल त्रियुंड के जंगल में बैंक के असिस्टेंट मैनेजर का शव पेड़ से लटका मिला। बैंक के असिस्टेंट मैनेजर ने चादर को ही फंदा बना कर आत्महत्या की है। मृतक के पास एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें आत्महत्या कर मौत को गले लगाने की बात कही गई है।
सुसाइड नोट 19 मई को लिखा गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि त्रियुंड के जंगल में एक शव पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को शव के पास बैग से आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड के अनुसार मृतक की पहचान सादिक लोहार (31) पुत्र बाबूधन लोहार निवासी गांव सालूना पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सादिक 15 मई से लापता था और पालीवाल थाना में इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पालीवाल पुलिस ने धर्मशाला पुलिस को इस बारे में सूचित किया था और इसकी लोकशन मैक्लोडगंज के एक निजी होटल में बताई थी। वहीं, मैक्लोडगंज पुलिस को सूचना मिली कि त्रियुंड के ऊपरी क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव लटका हुआ है। मैक्लोडगंज थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर जाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और उसके पास से बरामद दस्तावेजों के आधार पर पहचान की गई।
वहीं आरएफएसएल नॉर्थ जोन धर्मशाला के सहायक निदेशक एसके पाल ने बताया कि फोरेंसिक लैब की टीम राजेश और रजत चौधरी ने भी घटनास्थल पर कुछ साक्ष्य एकत्रित किए हैं। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कांगड़ा संतोष पटियाल ने बताया कि पुलिस टीम ने शव को कब्जे में ले लिया है और शव को धर्मशाला लाया जा रहा है।